चाँद के साथ

दूर मंज़िल बहुत हूँ तनहा डगर में
मगर बाँटने मेरी तनहाइयाँ 
साथ चलता रहा चाँद मेरे सफ़र में ।

कभी डाले मुख पे घटाओं के घूँघट 
कभी बादलों के झरोखों से झाँके 
कभी सुख की लाली का आलम लिए 
दर्द की माँग भर जाये चुपके से आके ।

कभी वैरागी मन की पगडंडियों पर
तृषित अंजली का अमृत जल पिला के
कभी फ़ायदा भोलेपन का उठाता
 लुकाछिपी करता रहा आते जाते ।

कभी सोई अनुभूतियों को जगाता
कभी थम सा जाता पराजय पे आके
कभी झकझोर कर हँसाता गुदगुदाता
इक निर्धूम दीया रोशनी की जला के ।

शैल सिंह 
सर्वाधिकार सुरक्षित 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

मेरे भाव नदी का उमड़ता सोता

मेरी उपलब्धि

कभी ऐसे देगी दगा जिन्दगी